
हापुड़ः रेलवे स्टेशन के सामने अवैध कब्जे पर चला पीला पंजा, खुद सामान हटाने की दी गई चेतावनी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ में रेलवे प्रशासन सख्त मूड में नजर आ रहा है। हापुड़ रेलवे स्टेशन के सामने लंबे समय से चले आ रहे अवैध अतिक्रमण पर आखिरकार बुलडोजर चल ही गया। रेलवे विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों और कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इस दौरान दुकानदारों में रोष भी देखने को मिला।
हापुड़ रेलवे स्टेशन के सामने दुकानों और पटरियों के आसपास किए गए अवैध निर्माणों व कब्जों को हटाने के लिए रेलवे विभाग ने बुलडोजर कार्रवाई की। रेलवे की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्टेशन के सामने रास्तों और पटरियों के पास अवैध अतिक्रमण को हटाना शुरू किया।
प्रशासन का कहना है कि स्टेशन क्षेत्र में अवैध कब्जों की वजह से यात्रियों को भारी आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ता था और लगातार शिकायतें मिल रही थीं। वहीं, कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने विरोध जताया और कहा कि उन्हें पर्याप्त समय या नोटिस नहीं दिया गया।
दूसरी ओर, रेलवे अधिकारियों का स्पष्ट करना है कि दुकानदारों को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी थी। विभाग के मुताबिक किसी पक्की मुख्य दुकान को नहीं तोड़ा गया है, बल्कि दुकानों के बाहर किए गए अवैध शेड और अतिरिक्त कब्जों को ही हटाया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल रेलवे स्टेशन के आसपास सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य अतिक्रमणकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
DIVYANSH ARYA HEIGHTS: EXCLUSIVE 3 & 4 BHK RESIDENCES: 9762489492
























