
एनएच-09 पर स्पीड और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, ANPR कैमरों से अगले महीने से शुरू होगी चालान की कार्रवाई
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):अगर आप भी एनएच-09 (NH-09) से आना-जाना करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। नेशनल हाईवे पर बेहिसाब रफ्तार से दौड़ने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं है। मसूरी से हापुड़ और निजामपुर के बीच सुरक्षा और नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए एनपीआर (ANPR) कैमरे लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अगले महीने यानी नवंबर से एनएच-09 पर ओवरस्पीड और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के भारी-भरकम चालान कटने शुरू हो जाएंगे।
एनएचएआई (NHAI) की ओर से लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से इस प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, कैमरों को लगाने का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और अगले महीने से चालान काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इन कैमरों की मदद से न सिर्फ ओवरस्पीड बल्कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, बिना हेलमेट और बिना सीट-बेल्ट गाड़ी चलाने वालों पर भी कंट्रोल रूम से सीधी नजर रखी जाएगी और चालान काटे जाएंगे।
एंट्री और एग्जिट पॉइंट से होगी निगरानी: हाईवे पर अलग-अलग वाहनों के लिए गति सीमा तय की गई है। छोटे चार पहिया वाहन अधिकतम 100 किमी/घंटा, दोपहिया वाहन 80 किमी/घंटा, और भारी वाहन व बसें अधिकतम 80 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकेंगी। कमर्शियल वाहनों के लिए सीमा 60 किमी/घंटा तय की गई है। वाहनों की औसत रफ्तार एंट्री और एग्जिट पॉइंट के बीच तय समय के आधार पर निकाली जाएगी।
ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR): यह एक उन्नत स्मार्ट कैमरा सिस्टम है, जो वाहन की नंबर प्लेट को ऑटोमैटिक स्कैन कर डिजिटल टेक्स्ट में बदल देता है। इसके जरिए संदिग्ध, चोरी या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को तुरंत ट्रैक किया जाएगा।
नाइट विजन और हाई-रिजॉल्यूशन: ये कैमरे खराब रोशनी, रात या बारिश में भी साफ तस्वीरें लेने में सक्षम हैं। इसमें लगा OCR सॉफ्टवेयर तुरंत नंबर प्लेट को रीड कर ट्रैफिक विभाग के सर्वर से मिलान करता है।
गाजियाबाद आरटीओ और हापुड़ एआरटीओ के पास भी इन कैमरों का एक्सेस रहेगा, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तीनों माध्यमों से सख्त शिकंजा कसा जा सकेगा।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़























