
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, चार घायल
हापुड़, सीमन/रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के धौलाना-पिलखुआ मार्ग पर शुक्रवार की कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार माता-पिता और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी और परिवार के चारों सदस्य सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार नारायणपुर निवासी परिवार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बाइक से धौलाना-पिलखुवा मार्ग पर जा रहे थे। जैसे ही बाइक कोका-कोला कंपनी के पास पहुंची, पीछे से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में माता-पिता के साथ उनके दोनों बच्चे आदित्य और अमन भी घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। बच्चों को भी गंभीर चोटें आने की जानकारी है।
सूचना मिलते ही धौलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अवनीश कुमार की तत्परता से घायलों को समय पर उपचार दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई और यातायात सुचारू कराया।
पुलिस कार और उसके चालक की जानकारी जुटाने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179


















