
हापुड़ में गाली-गलौज का विरोध करने पर युवक से मारपीट, मोबाइल तोड़ा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर 4-5 लोगों ने युवक के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के कविनगर निवासी विशाल भारती पुत्र रामस्वरूप भारती 20 अक्टूबर को मेला देखने जा रहे थे। आरोप है कि देवनंदनी अस्पताल के पास कुछ लोग गाली-गलौज कर रहे थे। विशाल ने जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक का मोबाइल फोन सड़क पर पटककर तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को आरोपियों से बचाया।
पीड़ित ने 26 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विशाल भारती की शिकायत पर पुलिस ने हापुड़ के लक्ष्मणपुरा निवासी आशु, सौरभ, बाडिया और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739
























