
खतरे के निशान से महज 18 सेंटीमीटर नीचे बह रही गंगा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): गढ़मुक्तेश्वर में गंगा का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। गंगा ने येलो अलर्ट का स्तर पार कर लिया है और अब खतरे के निशान से महज 18 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
मंगलवार को जलस्तर 198.82 मीटर तक पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 199 मीटर है। वहीं येलो अलर्ट का स्तर 198.75 मीटर और रेड अलर्ट 199.33 मीटर निर्धारित है।
लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण पहले से जलभराव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के सामने एक बार फिर परेशानी खड़ी हो गई है। प्रशासन ने भी स्थिति को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
बताया गया है कि पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद 22 अगस्त को भी गंगा का जलस्तर 198.92 मीटर तक पहुंच गया था। इसके बाद कई गांवों में पानी भर गया था। करीब दस हजार हेक्टेयर जमीन जलभराव की चपेट में आई, जबकि गांवों के रास्तों पर भी कई जगह पानी भर गया था।
बाढ़ के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा और कई जगह नाव तथा ई-ट्रैक्टर ट्रॉली का सहारा लेना पड़ा। पशुओं के लिए चारे की समस्या भी सामने आई।
31 अगस्त को गंगा के जलस्तर में गिरावट शुरू हुई थी, लेकिन शुक्रवार शाम से फिर जलस्तर बढ़ने लगा। सोमवार के 198.75 मीटर के मुकाबले मंगलवार को यह 198.82 मीटर पहुंच गया। फिलहाल प्रशासन लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और लोगों की सुविधा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़


















