
खाते में 30 लाख की संदिग्ध रकम आने पर पुलिस ने एक को दबोचा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के पुष्पावती पूठ गांव में जमात पर आए एक संदिग्ध युवक के खाते में 30 लाख रुपये की संदिग्ध रकम आने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया गया है कि सिंभावली के रतूपुरा गांव का रहने वाला युवक अपने कुछ साथियों के साथ सोमवार को पुष्पावती पूठ गांव में जमात में पहुंचा था। इसी दौरान उच्च स्तर से आए कॉल के बाद बहादुरगढ़ पुलिस को युवक और उसके साथियों से पूछताछ के निर्देश मिले।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुष्पावती पूठ गांव में दबिश देकर तीन लोगों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि रतूपुरा गांव में रहने वाले एक युवक के खाते में संदिग्ध परिस्थितियों में 30 लाख रुपये की रकम आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली और ओडिशा पुलिस भी युवक से पूछताछ कर सकती है। पुलिस के मुताबिक करीब एक माह पहले इसी थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव से पाकिस्तान आतंकियों से संपर्क रखने के आरोप में बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया गया था।
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि मामले में दिल्ली पुलिस की पूछताछ के बाद ओडिशा पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069


















