
खाकी की कलाई पर सजा स्नेह का धागा: सरस्वती शिशु मंदिर की बहनों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बांधी राखी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की मोदीनगर मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में गुरुवार को रक्षाबंधन का पावन पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ, जिसके तहत विद्यालय परिसर में बहनों के लिए एक आकर्षक राखी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रमुख गीतांजलि एवं संयोजिका मंजू रहीं। इसके बाद विद्यालय की छात्राएं नगर की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों के बीच पहुंचीं। छात्राओं ने कोतवाली में हापुड़ कोतवाल व पुलिसकर्मियों को तथा नगर पालिका परिसर में SDM एवं CO को तिलक लगाकर कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान बहनों के प्रति आदर और कृतज्ञता प्रकट करते हुए थाना प्रभारी ने सभी बहनों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। बहनों के इस स्नेह से अभिभूत होकर प्रशासनिक अधिकारियों ने बेटियों को सुरक्षा का वचन दिया और उपहार भेंट किए। इस शुभ अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रामभूल जोशी ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे जांबाज अधिकारी दिन-रात समाज की सेवा में डटे रहते हैं, उन्हें अपने घर की कमी महसूस न हो और बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागे, यही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559

























