
हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के ततारपुर स्थिति NH-9 के नए फ्लाईओवर के नीचे बाइक सवार मामा-भांजे ट्रक की चपेट में आ गए। सड़क हादसे के दौरान 20 वर्षीय भांजे की दर्दनाक मौत हो गई जबकि उसकी मामा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। सूचना पाकर तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची जिसने ट्रक कब्जे में लिया। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं परिजन भी मौके पर पहुंच गए जिनका रो-रो कर बुरा हाल है।20 वर्षीय लक्षित चौधरी पुत्र नीरज चौधरी निवासी ग्राम छपकोली बीबीए का छात्र है जो बुधवार की सुबह अपने मामा वंश पुत्र मनीष पाल निवासी सिंगरौली के साथ जिम करके बाइक में पेट्रोल डलाने के लिए थाना देहात की तरफ जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार ततारपुर स्थित NH-9 फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे तो रॉन्ग साइड आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क हादसे के बाद ट्रक चालक ने बाइक को 10-12 फीट तक घसीटा। इस हादसे के दौरान लक्षित की मौके पर मौत हो गई। उसके मामा वंश गंभीर रूप से घायल हो गए और एक अन्य व्यक्ति भी हादसे की चपेट में आ गया।हादसे की सूचना पाकर देहात पुलिस, हापुड़ कोतवाली पुलिस, बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने लक्षित चौधरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वंश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया और ट्रक व बाइक को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। इस दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। वहीं सूचना पाकर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025




















