
पिलखुवा: एनएच-9 पर हुए हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे-9 पर रिलायंस रोड कट के सामने हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पिलखुवा के मोहल्ला गढ़ी कनखली निवासी 38 वर्षीय हरिओम पुत्र धीमा रिलायंस रोड स्थित मीशो कंपनी में नाइट शिफ्ट में कार्यरत थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनकी ड्यूटी समाप्त हुई थी। इसके बाद वह अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे जब वह नेशनल हाईवे-9 पर रिलायंस रोड कट के सामने सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिओम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में हरिओम को तत्काल उपचार के लिए रामा अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हरिओम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर फरार वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल हरिओम की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। फरार वाहन चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
JOB ALERT: आवश्यकता है एक खरादिया (Turner) की: 9045639190, 9760002133























