
👁 31 views Views
भेदभावपूर्ण उपस्थिति व्यवस्था के विरोध में हापुड़ के CHOs ने बुलंद की आवाज, सौंपा ज्ञापन
- एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपा पत्र।
- मांग पूरी न होने तक 11 जुलाई से ऑनलाइन उपस्थिति (AMS) का बहिष्कार।
हापुड़, 11 जुलाई 2026: जनपद हापुड़ के कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHOs) ने एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (ACHOUP) के प्रांतीय आह्वान पर आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन स्वास्थ्य विभाग में लागू की जा रही भेदभावपूर्ण ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था (AMS) के विरोध में दिया गया है।
इस दौरान उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ, हापुड़ के जिला अध्यक्ष चंद्रभान तोमर के साथ महामंत्री राधेश्याम यादव ने CHOs की तरफ से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मुलाकात कर स्पष्ट किया कि जब तक विभाग में कार्यरत नियमित और संविदा कर्मियों के लिए एक समान नीति लागू नहीं की जाती, तब तक जनपद के समस्त CHOs एएमएस (AMS) पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे।
समान कार्य, तो सौतेला व्यवहार क्यों? कर्मचारी नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित और संविदा कर्मी एक साथ मिलकर समान जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद केवल संविदा पर कार्यरत CHOs पर ही फेशियल अटेंडेंस (AMS) का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि नियमित कर्मचारियों को इससे मुक्त रखा गया है। यह पूरी तरह से तानाशाही और संविदा कर्मियों का शोषण है।
पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि यदि इस शांतिपूर्ण विरोध के कारण जनपद स्तर पर किसी भी चिकित्सा अधिकारी या संविदा कर्मी के खिलाफ कोई भी दंडात्मक या प्रशासनिक कार्रवाई की गई, तो पूरा संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कर्मचारियों ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा पर भी सकारात्मक निर्णय ले।
चेतावनी ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रभान तोमर, महामंत्री राधेश्याम यादव, सचिव सुशील चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी अजय मलिक और CHO गुट से अमित त्यागी, धर्मेंद्र गुर्जर, शाकिब एवं अनस मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068
























