
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक लाख रुपए की चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित के पुत्र समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जिनसे चोरी की शत प्रतिशत एक लाख रुपए की राशि भी बरामद हुई है। एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, चोरी किया गया बैग, पीड़ित के आधार कार्ड व पैन कार्ड, घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बता दें कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।
दरअसल मामला गुरुवार का है जब गाजियाबाद के भोजपुर क्षेत्र के गांव मुकीमपुर निवासी सतीश गिरी पुत्र लटूर गिरी बाइक खरीदने के लिए घर से निकले जिन्होंने बैंक से ₹1,00,000 निकाल लिए लेकिन किसी कारण वह बाइक नहीं खरीद सके। इसी बीच वह शौचालय के लिए गए तो उन्होंने अपना नोटों से भरा थैला छोटा हाथी वाहन पर टांग दिया। वापस आए तो देखा कि वहां से नोटों से भरा थैला गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच में जुट गई। पुलिस को खुलासे में पता चला कि सतीश गिरी के बेटे 27 वर्षीय गौरव ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस षड्यंत्र को रचा और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित के पुत्र गौरव के साथ-साथ पुलिस ने 29 वर्षीय विक्की उर्फ ब्रेटली पुत्र सुशील, 23 वर्षीय मनीष पुत्र रामपाल निवासीगण मुबारकपुर गाज़ियाबाद और 25 वर्षीय अमित पुत्र अजब सिंह निवासी डूहरी थाना पिलखुवा को जनपद हापुड़ के पिलखुवा के डूहरी से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किया गया विक्की भोजपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है जिसके खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गौरव के खिलाफ भी पांच मुकदमे दर्ज हैं।
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने पत्रकारों को बताया कि इसमें वादी की लापरवाही भी सामने आई है। नोटों से भरा थैला इस तरह रखना उचित नहीं है। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश किया है और एक आरोपी से 40,000, एक से 30,000 और दो आरोपियों से 15-15000 बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि रुपए तो बांट लिए गए लेकिन आरोपियों को खर्च करने का मौका नहीं मिला। उससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365
























