
दिव्यांग सहायता शिविर में दिव्यांगजनों ने लिया लाभ
हापुड,सीमन (ehapurnews.com):ब्रजघाट नेह नीड़ फाउंडेशन एवं नवोउज्जवल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नेह नीड़ परिसर, ग्रामड़ी, बागड़पुर रोड, बृजघाट (हापुड़) में आयोजित दिव्यांग सहायता शिविर संपन्न हुआ। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे तथा विभिन्न सहायक उपकरणों हेतु पंजीकरण एवं माप प्रक्रिया कराई गई।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों की आवश्यकतानुसार परीक्षण कर कृत्रिम पैर, कैलिपर्स, वैशाखी, ट्राई साइकिल एवं व्हील चेयर के लिए माप लिए गए। शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने संस्था द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री सीताराम शर्मा वरिष्ठ जेल अधीक्षक डासना ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने हेतु समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने नेह नीड़ फाउंडेशन एवं नवोउज्जवल फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता एवं मानवता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में संस्थापक श्री कन्हैया लाल, श्री वासुदेव शर्मा, सुरेंद्र प्रधान तथा प्रीतम सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संस्था के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे समाजहित में सराहनीय पहल बताया।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों तक सहायता पहुंचाना और उन्हें बेहतर जीवन जीने हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर के सफल आयोजन में संस्था के कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं सहयोगकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
D’Pizza शॉप: हर शुक्रवार एक पिज़्ज़ा के साथ एक पिज्जा FREE: 8171178264

























