
चरित्र पर उठे सवाल के बाद महिला ने लगाई फांसी, उपचार के दौरान मौत, तीन पर मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने चरित्र पर उठे सवालों के पश्चात 30 अगस्त की रात फांसी लगाई थी जिसके बाद महिला को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया जहां दो सितंबर को महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका की बहन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने नीरज, अजय और सुधीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
दरअसल एक गांव की रहने वाली महिला के पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाइयों ने 30 अगस्त को महिला के चरित्र पर सवाल उठाए थे। उन्होंने महिला के चरित्र पर गलत टिप्पणी की। इसके बाद महिला के पति ने भी अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। चरित्र पर लगे आरोप और पति की मारपीट से परेशान महिला ने फांसी लगाई जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन दो सितंबर को महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मृतका की बहन की तहरीर के आधार पर नीरज, अजय और सुधीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365


























