
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम एक 30 वर्षीय अज्ञात युवक अचानक मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया। ऊपर से गुजर रही ओएचई लाइन के तार की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सिंभावली रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान युवक दौड़ता हुआ आया और देखते ही देखते मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया। इससे पहले कि स्टेशन पर मौजूद लोग और रेलवे कर्मचारी कुछ समझ पाते, युवक ने ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार को पकड़ लिया। तार के संपर्क में आते ही जोरदार धमाका हुआ और चिंगारियां निकलने लगीं। करंट की चपेट में आने से युवक बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्टेशन पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर ओएचई लाइन की बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद शव को इंजन से नीचे उतारा गया।
सिंभावली थाना पुलिस और जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।



















