
रामलीला ग्राउंड से साफ होगा कूड़ा व अवैध मीट की दुकानें, बाजारों में लाल रेखा खींचने के निर्देश
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़ की दिल्ली रोड गोल मार्केट, चंडी रोड, कोठी गेट आदि इलाकों में अतिक्रमण लगातार पैर पसारता जा रहा है जो नियमों को ठेंगा दिखा रहा है। अतिक्रमण की वजह से राहगीर, छात्र, व्यापारी बेहद परेशान है। हापुड़ की दिल्ली रोड पर रामलीला ग्राउंड के पास अतिक्रमण की वजह से कई बार तो एंबुलेंस बीच में फंस जाती है। खासकर रविवार को साप्ताहिक बाज़ार लगने के कारण यहां से निकलना दूभर हो जाता है। ऐसे में अतिक्रमण से परेशान व्यापारी मंगलवार को हापुड़ की कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने जिलाधिकारी से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी के साथ हुई बैठक में व्यापारी के साथ-साथ रामलीला समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे जिन्होंने बताया कि रामलीला ग्राउंड को धीरे-धीरे डंपिंग ग्राउंड में तब्दील किया जा रहा है यहां रामलीला ग्राउंड में मीट की अवैध दुकानें लगी है। अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है जिनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान नगर पालिका परिषद हापुड़ के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा को डीएम ने कलेक्ट्रेट बुलाया और नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामलीला ग्राउंड से कूड़ा, अतिक्रमण साफ होना चाहिए। साथ ही अवैध रूप से चल रही मीट की दुकान के खिलाफ भी कार्रवाई करें।
बैठक में हापुड़ के गोल मार्केट का मुद्दा जोर-शोर से उठा जहां पर दुकानदारों द्वारा नाले पर अतिक्रमण कर सड़क पर ठेले-खोमचे वालों को खड़ा कराया जाता है और उनसे वसूली भी की जाती है। ऐसे में जिलाधिकारी ने कहा कि नगर पालिका वेंडिंग जोन की स्थापना करें और एक लाल रंग की पट्टी से रेखा को चिन्हित करें जिसके आगे अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण की वजह से स्कूलों के बच्चे, एंबुलेंस, राहगीरों को निकलने में काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिलाधिकारी ने कहा कि रामलीला समिति और नगर पालिका के बीच अनुबंध भी हो। इसी के साथ उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों को व्यवस्थित किया जाए और उसके बाद सीमा को चिन्हित किया जाए। बैठक में पहुंचे रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मुलाकात जिलाधिकारी से हुई है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही शहर अतिक्रमण मुक्त होगा।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365























