
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय ज्योतिष कर्मकांड महासभा विद्वानों ने सामूहिक श्रावणी उपाकर्म पूजन विधान पूर्ण श्रद्धा से पूर्ण किया। महासभा संरक्षक डॉ0 वासुदेव शर्मा के आचार्यत्व में विद्वानों ने वैदिक परम्परा अनुसार सप्तऋषि पूजन के साथ जनेऊ पूजन कर सम्पूर्ण विधि प्रक्रिया के साथ धारण किया। महासभा अध्यक्ष पंडित के0 सी0 पाण्डेय काशी वाले ने बताया कि श्रावण पूर्णिमा अर्थात रक्षाबंधन के दिन पौरोहित कर्म कराने वाले धर्मज्ञ विप्रजनों के साथ साथ सभी जनेऊ धारण करने वाले सनातन धर्मप्रेमियों को ये पर्व अवश्य मनाना चाहिए। धर्मशास्त्रों के अनुसार श्रावणी उपाकर्म करने वाले व्यक्ति का पुरे वर्ष में ज्ञात-अज्ञात समस्त पाप प्रायश्चित हो जाता है तथा ब्रह्मतेज के साथ शरीर व मुख मंडल की आभा बनी रहती है। मिडिया प्रभारी आचार्य सर्वेश तिवारी ने कहा कि सनातन समाज द्वारा वेद-पुराण के प्रति उदासीनता से इतने महत्वपूर्ण संस्कार की जानकारी बहुत कम लोगों को है कि रक्षाबंधन के दिन रक्षासूत्र बांधने जितना ही महत्वपूर्ण श्रावणी कर्म करना है। महासभा द्वारा आयोजन कर लोगों में जागृति का प्रयास किया जा रहा है। श्री चंडी मंदिर संस्कृत पाठशाला हापुड़ में शुभ अभिजीत मुहूर्त एवं सर्वार्थसिद्धि योग में पूजन कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ जिसमें सभी विद्वानों ने शास्त्रीय विधि द्वारा जनेऊ को बदला। कार्यक्रम में महासभा संरक्षक पंडित हरीश शर्मा समन्वयक पंडित अजय पाण्डेय मंत्री डॉ0 करुण शर्मा कोषाध्यक्ष पंडित मित्र प्रसाद काफ्ले मिडिया प्रभारी पंडित सर्वेश तिवारी पंडित शैलेन्द्र अवस्थी डॉ0 युवराज शर्मा पंडित रज्जन लाल अवस्थी पंडित राहुल शर्मा भरत श्रीहान पाण्डेय पंडित गोपाल पंडित रिंकू सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया कार्यक्रम उपरांत प्रसाद का वितरण किया गया।
सभी प्रकार के बीमों के लिये संपर्क करें : 9756129288

























