हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने हाइवे पर स्थित सुखसागर मंडप के पास एक आलू व्यापारी के साथ हुई लूट का रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए लोकेश पुत्र अमर सिंह तथा अजय पुत्र रामवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया जबकि धर्मराज पुत्र रामवीर मौके से फरार है। तीनों ही आरोपी पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर फगौता के रहने वाले हैं। आरोपियों ने आलू व्यापारी लोकेश सैनी निवासी चंदन विहार से शनिवार को नोटों से भरा थैला, मोबाइल फोन आदि लूट लिए थे। सूचना पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और आरोपियों को कुछ घंटों के भीतर दबोच लिया जिनके कब्जे से पुलिस ने 18,500 रुपए नकद, पिस्टल, चोरी की गई मोटरसाइकिल, लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया है।
दरअसल लोकेश कुमार सैनी आलू व्यापारी है जो कि शनिवार की दोपहर करीब 2:00 बजे काम खत्म कर मंडी से अपने घर लौट रहा था। बाइक उसके यहां काम करने वाला कर्मचारी मोनू चल रहा था। जैसे ही वह सुखसागर मंडप के पास पहुंचे तो बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने पिस्टल के बल पर लोकेश सैनी को रोक लिया और नोटों से भरा थैला, मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार थैले में 25 हजार रुपए थे जिनमें से पुलिस ने 18,500 बरामद कर लिए हैं। साथ ही आरोपियों से पिस्तौल, चोरी की बाइक, मोबाइल बरामद कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए गश्त की जा रही है।
क्रैश कोर्स के लिए सम्पर्क करें: 7351945695























