
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): लोगों को खाद्य पदार्थ के नाम पर जहर परोसा जा रहा है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार की रात जनपद हापुड़ के पिलखुवा के छिजारसी टोल प्लाजा पर खाद्य पदार्थ ले जा रहे वाहनों का निरीक्षण किया जहां अस्वच्छ हालत में मिले 54 कुंतल सिंथेटिक पनीर को टीम ने मौके पर नष्ट कराया। टीम ने करीब 11 लाख 34 हजार रुपए कीमत के पनीर को नष्ट कराकर सैंपलिंग की कार्रवाई भी की।
विभाग के सहायक आयुक्त द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि मुरादाबाद और संभल से मिनी ट्रकों में भरकर दिल्ली खपत के लिए जा रहे दूध, पनीर के नमूने लिए गए। दूध के तीन और पनीर के पांच सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं अस्वच्छ कंडीशन में मिलने पर 54 कुंतल सिंथेटिक पनीर को नष्ट कराया। सिंथेटिक पनीर के सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है।
आपको बता दें कि सिंथेटिक पनीर कम लागत में तैयार हो जाता है जिसे ढाई सौ से तीन सौ प्रति किलो तक बेचा जाता है। दोगुना मुनाफा कमाने के लालच में मिलावट खोर इस धंधे को अंजाम देते हैं जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। इस कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य निरीक्षक पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम प्रसाद गंगवार, सोमेंद्र सिंह पंघाल, मोहित कुमार, शहरीश सादात आदि मौजूद रहे।



















