10 दबंगों ने घर में घुसकर परिजनों को पीटा, चार घायल
हापुड़, सीमन/रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला गढ़ी में दबंगों ने एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। इस दौरान घर में मौजूद परिजनों को तमंचे की बट से पीट कर घायल कर दिया। घटना में चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी निवासी ओमप्रकाश टाक का छोटा बेटा मनीष घर के बाहर खड़ा था। बताया जा रहा है मनीष का बोर्ड परीक्षाओं के दौरान एक छात्र से विवाद हो गया था। वह छात्र अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर मनीष से गाली-गलौज करने लगा। जब मनीष ने इसका विरोध किया तो आसपास मौजूद लोग इकट्ठा हुए और दो को मौके से पकड़ लिया जबकि एक भागने में कामयाब रहा। इसके बाद मामला शांत हो गया और पकड़े हुए दोनों युवकों को भी छोड़ दिया। इसी बीच भागा हुआ आरोपी अपने साथियों को छुड़ाने के लिए लगभग 8 से 10 युवकों को ले आया जिनके हाथों में लाठी-डंडे थे और उन सभी ने घर में घुसकर घर में मौजूद परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मंजू देवी, शिवम, मनीष और ओमप्रकाश घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया जो मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जिनका उपचार चल रहा है।
VEDAM INTERNATIONAL SCHOOL: ADMISSIONS OPEN: 9536100111



























