
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप/मोहम्मद आमिर (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दो बच्चियों का उपचार चल रहा था जिनमें से एक ने गुरुवार तो एक ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। दोनों ही सगी बहनें थी। दोनों बच्चों की मौत से परिवार में मातम छाया है। हापुड़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार त्यागी का कहना है कि जिन दवाइयों से उपचार चल रहा था उनसे मौत नहीं हो सकती लेकिन फिर भी उन्होंने जांच के लिए टीम का गठन कर दिया है। पुलिस ने साक्षी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।एनटीपीसी के ऊंचा गांव के रहने वाले लक्खा की 4 साल की बेटी साक्षी और 9 साल की बेटी शिवानी को तकलीफ हुई जिसके बाद वह 5 अगस्त को अपनी दादी के साथ धौलाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। तबीयत में आराम ना पड़ने पर 6 अगस्त को दोनों बच्चियों को पुन: अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया लेकिन पेट फूलने के कारण तबीयत बिगड़ गई और गुरुवार को 9 साल की शिवानी की मौत हो गई। इसी बीच 4 साल की साक्षी की भी तबीयत अचानक खराब हो गई जिसके बाद उसे मेरठ के लिए रेफर किया जहां शुक्रवार को साक्षी की भी मौत हो गई। जैसे ही साक्षी की मौत की खबर परिजनों को लगी तो वह धौलाना सीएचसी पहुंचे और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्षी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों सगी बहनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। हापुड़ के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार त्यागी ने मामले में टीम का गठन कर दिया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
























