हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में हुए सड़क हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने नानपुर चौकी पर जमकर हंगामा किया. किसी तरह गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया. वहीं पुलिस ने आरोपी को चिन्हित कर कार के नंबर के आधार पर किठौर में दबिश देकर गाड़ी को कब्जे में ले लिया.
मंगलवार की देर शाम हिरनपुरा चौराहे पर नानपुर गांव निवासी राजकुमार उर्फ राजू अपने धार्मिक गुरु देवली गांव निवासी मदन शर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर गढ़ से नानपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी. हादसा इतना भयानक था कि दोनों बाइक स्वारों की मौत हो गई. हादसे से गुस्साए ग्रामीण बुधवार को नानपुर चौकी पहुंचे और जमकर हंगामा किया. पुलिस ने मामले में जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया. पुलिस ने किठौर में दबिश देकर कार को कब्जे में ले लिया है.






















