
वैश्य समाज उत्तर प्रदेश जनपद हापुड़ के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ से की शिष्टाचार भेंट
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): वैश्य समाज उत्तर प्रदेश, जनपद हापुड़ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को समाजसेवी एवं वरिष्ठ प्रदेश संरक्षक नरेंद्र कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ से उनके लखनऊ स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री को जनपद हापुड़ आगमन का सादर निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की तथा यथाशीघ्र हापुड़ आने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने जनपद हापुड़ में समाज सुधारक एवं वैश्य समाज के प्रेरणास्रोत महाराजा अग्रसेन जी की स्मृति में “महाराजा अग्रसेन चौक” के नाम से एक प्रमुख चौराहा स्थापित किए जाने का प्रस्ताव भी रखा। इस पर मंत्री नन्दी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रस्ताव को आगे बढ़ाने एवं आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री से जनपद हापुड़ के औद्योगिक विकास, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई जिन्होंने सभी सुझावों को गंभीरता एवं शांतिपूर्वक सुना तथा जनपद हापुड़ के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के समक्ष वैश्य समाज जनपद हापुड़ के महामंत्री योगेंद्र अग्रवाल ने हापुड़ शहर के लिए एक इंडस्ट्री एरिया निर्धारित करने के लिए निवेदन किया जिसके लिये मंत्री नन्दी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही हापुड़ नगर का अपना एक अलग इंडस्ट्रियल एरिया होगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से नरेंद्र कुमार अग्रवाल (वरिष्ठ प्रदेश संरक्षक, वैश्य समाज उत्तर प्रदेश), अर्चना कंसल (जिला अध्यक्ष, महिला संगठन, वैश्य समाज उत्तर प्रदेश, जनपद हापुड़), एडवोकेट शिल्पी गर्ग अधिवक्ता संगठन, वैश्य समाज उत्तर प्रदेश, योगेंद्र अग्रवाल (मोनू बर्तन वाले), ब्रिजेश कुमार जी (मीडिया प्रभारी) तथा श्री सिद्धांत अग्रवाल उपस्थित रहे।





















