
भारतीय गोरक्षा परिषद ने गौमाताओं को फूल-मालाएँ पहनाकर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भारतीय गोरक्षा परिषद द्वारा जनपद हापुड़ में गौसेवा और भक्ति का अनूठा आयोजन किया गया। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहित चौधरी के नेतृत्व में थाना सिंभावली क्षेत्र स्थित कांजी हाउस भरना व शेखपुर (जिला पंचायत हापुड़ द्वारा संचालित गौशाला) में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। इसके बाद गौमाताओं को फूल-मालाएँ पहनाकर उनका पूजन किया गया तथा प्रसाद का भोग अर्पित किया गया। उपस्थित गौभक्तों ने गौमाताओं को फल खिलाकर भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मोहित चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गौसेवा, करुणा और धर्म की रक्षा का प्रेरणास्रोत है। जन्माष्टमी का पर्व हमें गौसंरक्षण, सेवा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी लोगों से गौमाताओं की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
पूरी गौशाला को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे जन्माष्टमी महोत्सव का वातावरण भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री प्रदीप रावत, गौशाला संचालक नरेंद्र सिंह, विनीत गोस्वामी, बबली चौधरी, पूजा देवी सहित अनेक गौभक्त एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010

















