
एआई वर्कशॉप में शिक्षकों व छात्राओं को किया जागरूक
हापुड़,सीमन/सुरेश जैन(ehapurnews.com): आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, हापुड़ में बुधवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया,जिस का उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षकों को आधुनिक तकनीक और एआई के उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत एआई अवेयरनेस कार्यक्रम के लिए सभी शिक्षकों एवं कक्षा 11 व 12 की छात्राओं के पंजीकरण कराए गए। विद्यालय प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 09 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभागी इस पहल का लाभ उठा सकें।
नोडल अधिकारी एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक अमित कुमार शर्मा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल रहा है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और डिजिटल युग में खुद को सशक्त बनाएं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्नेह प्रभा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं के समग्र विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय निरंतर नई तकनीकों से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा, जिससे छात्राएं भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एआई से संबंधित नई जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यालय परिवार ने इस पहल को एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
99 स्टोर हापुड़ सदर बाज़ार से खरीदें सारा सामान 99/- रूपए में: 8191820867

























