
सरस्वती कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हापुड़ में उत्तर प्रदेश सीएसटी प्रायोजित राष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन
“माइक्रोबायोम आधारित चिकित्सीय उपचार : प्रिसीजन मेडिसिन के लिए उभरते अवसर” विषय पर देशभर से 300 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, सरस्वती कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हापुड़ द्वारा “माइक्रोबायोम आधारित चिकित्सीय उपचार : प्रिसीजन मेडिसिन के लिए उभरते अवसर” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय सम्मेलन उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीएसटी-यू.पी.), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रायोजित किया गया था। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देशभर के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों, फार्मेसी विशेषज्ञों, विद्यार्थियों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को एक मंच पर लाकर माइक्रोबायोम आधारित चिकित्सीय उपचार, प्रिसीजन मेडिसिन, फार्मास्युटिकल अनुसंधान एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में माइक्रोबायोम की बढ़ती भूमिका पर विचार-विमर्श एवं ज्ञान का आदान-प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के महाप्रबंधक श्री एन. वर्धराजन जी एवं निदेशक श्री रघुवर दत्त जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। संस्थान के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट मेजर जनरल सी. एस. अहलुवालिया जी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने सम्मेलन के विषय की वैज्ञानिक एवं चिकित्सीय प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए माइक्रोबायोम अनुसंधान को आधुनिक चिकित्सा एवं भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया।
फार्मेसी विभाग के प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार ने सम्मेलन के अध्यक्ष एवं संयोजक की भूमिका निभाई। उन्होंने सभी अतिथियों एवं आमंत्रित वक्ताओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा सरस्वती कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हापुड़ की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध गतिविधियों एवं आगामी अनुसंधान योजनाओं की जानकारी साझा की। सम्मेलन की सह-संयोजक डॉ. निधि त्यागी, प्रोफेसर, फार्माकोलॉजी विभाग रहीं, जिनके समन्वय एवं सहयोग से विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां सफलतापूर्वक आयोजित की गईं।
राष्ट्रीय सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की वित्त समिति के अध्यक्ष एवं एल.एल.आर.एम. मेडिकल कॉलेज, मेरठ के फार्मेसी विभागाध्यक्ष ने सहभागिता की। उन्होंने माइक्रोबायोम आधारित दवाओं एवं चिकित्सीय उपचार के क्षेत्र में उभरते अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के आगामी दृष्टिकोण, फार्मेसी शिक्षा में आने वाले नए पाठ्यक्रम तथा मेडिकल डिवाइस के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं के बारे में विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. जावेद अली, विभागाध्यक्ष, फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, जामिया हमदर्द, नई दिल्ली, ने माइक्रोबायोम आधारित चिकित्सीय उपचार, प्रिसीजन मेडिसिन तथा फार्मास्युटिकल अनुसंधान के विभिन्न वैज्ञानिक पहलुओं पर विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने माइक्रोबायोम और मानव स्वास्थ्य के बीच संबंधों तथा भविष्य में इसके आधार पर विकसित होने वाली चिकित्सीय संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
सम्मेलन में विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संस्थानों से आमंत्रित प्रख्यात वक्ताओं ने भी सहभागिता की। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. राजीव टोंक, दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी, डॉ. शौकेंद्र कुमार, सुभारती यूनिवर्सिटी तथा डॉ. गौरव कैथवास जी शामिल रहे। विशेषज्ञों ने अपने शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए तथा फार्मास्युटिकल साइंसेज, माइक्रोबायोम अनुसंधान, प्रिसीजन मेडिसिन एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में विकसित हो रहे नवीन दृष्टिकोणों पर सार्थक चर्चा की।
सरस्वती कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हापुड़ द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्पूर्ण भारत से 300 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 20 से अधिक प्रतिभागियों ने मौखिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि 60 से अधिक प्रतिभागियों ने पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शोधकार्य, वैज्ञानिक निष्कर्ष एवं नवीन विचार प्रस्तुत किए। सम्मेलन ने प्रतिभागियों को विशेषज्ञों एवं शोधकर्ताओं के साथ संवाद करने, अपने शोध विचार साझा करने तथा माइक्रोबायोम आधारित चिकित्सीय उपचार और प्रिसीजन मेडिसिन के भविष्य की संभावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
मौखिक प्रस्तुति प्रतियोगिता में जामिया हमदर्द के शोधार्थी अभिषेक त्यागी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सरस्वती कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हापुड़ के बी.फार्मा चतुर्थ वर्ष के अफजल खान एवं शगुन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता में सरस्वती कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हापुड़ के बी.फार्मा चतुर्थ वर्ष के विनीत चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आर.एस.डी. एकेडमी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मुरादाबाद के उमंग गौर एवं मानव मिश्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को उनके उत्कृष्ट शोधकार्य एवं प्रभावी प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन फार्मेसी विभाग के सहायक आचार्य डिपेश एवं नेहा वर्मा द्वारा किया गया। सम्मेलन को सफल बनाने में फार्मेसी विभाग के प्रोफेसर डॉ. नेहा सिंह, डॉ. सुप्रियो मैती, डॉ. रश्मि शर्मा, डिपेश, प्रशांत सरस्वत, मनीष, खुर्शीद, विशाल, अजय, योगेश, मोहित, संजय, अनुज एवं शादाब ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने सम्मेलन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह राष्ट्रीय सम्मेलन माइक्रोबायोम विज्ञान के तेजी से विकसित होते क्षेत्र में नई शोध संभावनाओं, चिकित्सीय नवाचारों एवं प्रिसीजन मेडिसिन के महत्व को रेखांकित करने वाला महत्वपूर्ण अकादमिक मंच साबित हुआ। सरस्वती कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हापुड़ द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन ने वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण फार्मेसी शिक्षा तथा प्रिसीजन हेल्थकेयर के क्षेत्र में जागरूकता एवं अकादमिक संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का समापन प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. जे. रामचंद्रन जी तथा उपाध्यक्ष डॉ. रम्या रामचंद्रन जी ने राष्ट्रीय सम्मेलन के सफल आयोजन पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने माइक्रोबायोम आधारित चिकित्सीय उपचार, प्रिसीजन मेडिसिन एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवा जैसे उभरते क्षेत्रों में शोध एवं अकादमिक संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलनों को महत्वपूर्ण बताया तथा सभी प्रतिभागियों, वक्ताओं, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com


















