
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़। मेरा युवा भारत (MY Bharat) हापुड़, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में तथा खाद एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय अनुभव आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संचालन मेरा युवा भारत हापुड़ की जिला युवा अधिकारी एकता मिश्रा के कुशल निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न भंडारण, गोदाम प्रबंधन, किसान पंजीकरण प्रक्रिया एवं क्रय केंद्र संचालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। प्रथम दिवस पर सोमेंद्र प्रताप सिंह तथा राम कुमार द्वारा किसान पंजीकरण प्रक्रिया एवं क्रय केंद्र संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही भंडारण एवं गोदाम प्रबंधन की कार्यप्रणाली से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
चतुर्थ दिवस पर अजयवीर सिंह एवं अर्चना उपाध्याय द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन एवं उसके विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं में सौरभ तोमर, प्रिया, कीर्ति कश्यप, प्रियंका, प्रिंस एवं राघव शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर सौरभ तोमर ने कहा कि “इस प्रशिक्षण के माध्यम से हमें खाद एवं रसद विभाग की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिला। जिले की सभी उचित दर दुकानों (Fair Price Shops) को गेहूं, चावल, चीनी एवं अन्य आवश्यक खाद्यान्नों का आवंटन किस प्रकार किया जाता है तथा आम जनता तक खाद्यान्न पहुंचाने की पूरी व्यवस्था कैसे संचालित होती है, इसकी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के ज्ञान, प्रशासनिक समझ और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए मेरा युवा भारत एवं खाद एवं रसद विभाग का आभार व्यक्त किया।
VIKAS GLOBAL SCHOOL || ADMISSION OPEN: NURSERY TO IX & XI : 8710848586, 8710868788























