
हापुड़, सीमन, (ehapurnews.com): भारतीय गोरक्षा परिषद द्वारा निराश्रित गोवंशों की सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर दिए गए ज्ञापन पर हापुड़ प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सराहनीय कार्रवाई की है। प्रशासन की पहल पर निराश्रित गोवंशों को पांच ट्रकों की सहायता से सुरक्षित गोशालाओं तक पहुंचाया गया, जिससे उन्हें उचित संरक्षण एवं देखभाल उपलब्ध हो सकेगी।
प्रदेश अध्यक्ष मोहित चौधरी का कहना है कि
“गोवंश हमारी संस्कृति, आस्था और भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। भारतीय गोरक्षा परिषद द्वारा दिए गए ज्ञापन पर हापुड़ प्रशासन ने जिस तत्परता से संज्ञान लेकर 103 गोवंशों को सुरक्षित गोशालाओं तक पहुंचाने का कार्य किया है, वह अत्यंत सराहनीय और स्वागतयोग्य है। इसके लिए मैं जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
भारतीय गोरक्षा परिषद ने इस अभियान में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, संबंधित विभागों एवं सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गोसंरक्षण जनभागीदारी और प्रशासनिक सहयोग से ही सफल हो सकता है।




















