हापुड़, सीमन/सूवि (ehapurnews.com): हापुड़ के कलैक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला अधिकारी अनुज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह व अपर जिलाधिकारी श्रद्धा शांडिल्यायन आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर बैठक कर रहे थे । बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि 01.01.2022 के आधार पर जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान कार्यक्रम के तहत तिथियां निर्धारित कर दी गयी है। उन्होने बताया है कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 01 नवम्बर 2021 को होगा। दावे और आपत्तियां दिनांक 01 नवम्बर से 30 नवम्बर तक प्राप्त की जायेंगी। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने हेतु विशेष अभियान 07 नवम्बर (रविवार), 13 नवम्बर (शनिवार), 21 नवम्बर (रविवार) व 27 नवम्बर (शनिवार) को चलाया जायेगा। दावे और आपत्तियों का निस्तारण दिनांक 20 दिसम्बर तक किया जायेगा। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन दिनांक 05 जनवरी 2022 को किया जायेगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन व्यक्तियों की आयु 18 वर्ष हो गयी हो या 01 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हो यदि उनका नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नही है तो अपने मतदान केन्द्र या सम्बन्धित तहसील में खुले मतदाता पंजीकरण केन्द्र से सम्पर्क कर फार्म प्राप्त कर सम्पूर्ण विवरण भरकर पता आयु का प्रमाण पत्र संलग्न कर सम्बन्धित के पास आवेदन जमा कर सकते है। टोल फ्री नम्बर 1950 पर सम्पर्क कर निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित करने/संशोधन करने/इपिक बनवाने आदि से सम्बन्धित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
उन्होने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन नामावलियों के पुनरीक्षण कार्य से जुड़े सम्बद्ध अधिकारियों यथा-जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों इत्यादि को आयोग की अनुमति के बिना पुनरीक्षण अवधि दिनांक 01 नवम्बर 2021 से 05 जनवरी 2022 तक के मध्य स्थानान्तरण करने पर रोक लगा दी गयी है।






















