
साहिबाबाद विस्फोट: पिलखुवा के राजू ने भी तोड़ा दम; अब तक चार की मौत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): गाजियाबाद के साहिबाबाद में रावण का पुतला बनाते समय हुए दर्दनाक विस्फोट के मामले में एक और दुखद खबर सामने आई है। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे पिलखुवा के मोहल्ला रमपुरा निवासी 32 वर्षीय राजू ने भी इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया है। राजू की मौत के साथ ही इस भयावह हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या अब बढ़कर 4 हो गई है। रविवार देर रात जैसे ही राजू के निधन की खबर उनके गांव पहुँची, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और रमपुरा मोहल्ले में मातम पसर गया।
पाँच अक्टूबर को हुए इस हादसे ने कई हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए गहरे जख्म दे दिए हैं। 32 वर्षीय राजू, जो अपने तीन भाइयों में मंझले थे, मजदूरी करके अपने बुजुर्ग माता-पिता दयाचंद और माया का सहारा बने हुए थे। राजू अविवाहित थे और परिवार की आजीविका चलाने में मुख्य भूमिका निभाते थे। उनकी मौत से परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आपको बता दें कि साहिबाबाद में रावण पुतला निर्माण के दौरान हुए धमाके में झुलसने से इससे पहले तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।
6 अक्टूबर को अनिल कुमार की मौत हुई,
9 अक्टूबर को अनिल के बेटे ऋषभ ने दम तोड़ा, और
10 अक्टूबर को कारीगर महेंद्र की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी।
अब राजू के निधन के साथ इस हादसे में अकेले रमपुरा मोहल्ले के चार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559






















