
हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, जमीन पर तैयार किया जा रहा 250 किलो मावा नष्ट कराया
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। हाफिजपुर के गांव भटियाना में टीम ने छापेमारी कर करीब 250 किलोग्राम मावा नष्ट कराया। कार्रवाई के दौरान मावा बनाने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और लाइसेंस से संबंधित जानकारी भी जांच के दायरे में आई।
दरअसल, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गांव भटियाना में कलवा के जंगल में बने एक मकान पर छापा मारा। यहां मावा तैयार किया जा रहा था। जांच के दौरान टीम को करीब 250 किलो मावा मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। बताया गया है कि मावा तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे लाइसेंस की वैधता फरवरी में समाप्त हो चुकी थी। मानको को ताक पर रखकर जमीन पर मावे का निर्माण किया जा रहा था। इसके साथ ही मावा बनाने की प्रक्रिया और इस्तेमाल की जा रही सामग्री की भी जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्रशेखर मिश्रा के अनुसार, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए मावे को नष्ट कराया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365






















