हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): हापुड़ के कोटला सादात में मंगलवार को चार साल का माऊ उर्फ माविया करीब 50 फीट गहरे बोरवेल में जा गिरा जिसे प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। राष्ट्रीय लोक दल हापुड़ के पदाधिकारी बुधवार को माऊ के घर पहुंचे और उसके परिजनों से मुलाकात की और नगर पालिका परिषद के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जलकल अभियंता को बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही परिवार की आर्थिक सहायता की भी मांग राष्ट्रीय लोक दल ने की।फूलगढ़ी स्थित माऊ के आवास पर पर उसके पिता मोहसीन और माता समरीन से रालोद के पदाधिकारी मिले जिनका कहना है कि परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। साथ ही माऊ सुनने में भी असमर्थ है। ऐसे में प्रशासन को आर्थिक सहायता करनी चाहिए। रालोद के पदाधिकारियों ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ। ऐसे में नगर पालिका परिषद के जलकल के ऐई को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए और खुले अन्य बोरवेल को भी बंद किया जाए।इस दौरान प्रदेश सचिव प्रोफेसर अब्बास अली, जिला प्रभारी हेमंत मिश्रा, वरिष्ठ नेता मनोज तेवतिया, जिला सह प्रभारी हितेश प्रजापति, नसरुद्दीन आदि उपस्थित रहे।
























