
रामलखन हत्याकांड का खुलासा: भाई ने की थी भाई की हत्या, गिरफ्तार
हापुड़, सीमन/ अशोक तोमर (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने गांव देहरा रामपुर निवासी रामलखन की हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की फावड़ी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी यशपाल ने शराब पीकर विवाद में लोहे के फावड़े से अपने भाई राम लखन की हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गया था। आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को ठंडी सड़क से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस वारदात का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला था। हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि राम लखन शराब पीने का आदी था जिसने हाल ही में बंटवारे से पहले परिजनों से सलाह किए बिना संपत्ति का कुछ हिस्सा बेच दिया था। ज़मीन बेचकर आए पैसों को उसने घर पर नहीं दिया। मामले का पर्दाफाश होने पर पता चला कि मृतक राम लखन गांव वालों के साथ भी अभद्र व्यवहार करता था और यही रवैया उसका परिजनों के साथ भी था। शराब पीने के दौरान दोनों भाइयों में विवाद हुआ जिसमें आरोपी ने राम लखन की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा कायम कर जांच शुरू की और आरोपी को धर दबोचा।
आपको बता दें कि 12 अगस्त को थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव देहरा रामपुर में राम लखन का शव घर में मिला था। इसके बाद पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी और घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद मृतक के बड़े भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करने के लिए टीमें गठित की। गिरफ्तार आरोपी यशपाल पुत्र चेतराम निवासी गांव देहरारामपुर बहादुरगढ़ ने बताया कि राम लखन शराब पीने का आदी था। आरोपी भाई ने बताया कि छह अगस्त को वह गाजियाबाद से अपने घर डेहरा रामपुर बाइक से आया तो देखा रामलखन गेट पर बैठा था जिसने उसे शराब लाने के लिए पैसे दिए और दोनों ने बैठकर शराब भी पी। इसी बीच दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद राम लखन ने गुस्से में कुर्सी उठाकर अपने भाई को मारी तो बदले में भाई ने राम लखन के सिर पर वार कर दिया और हत्या की वारदात को अंजाम देकर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले का मंगलवार को सफल अनावरण करते हुए वारदात में इस्तेमाल फावड़ी भी बरामद की है।
Admission open (2025-26)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com























