
दीवाली से पहले बोर्ड बैठक की तैयारी, विकास कार्यों के 20 करोड़ के प्रस्तावों पर जल्द लगेगी मुहर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):दीवाली के पावन पर्व से पहले हापुड़ नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक आयोजित होने जा रही है, जिसमें शहर के विकास से जुड़े करीब 20 करोड़ रुपये के कार्यों के प्रस्तावों को हरी झंडी मिलने की पूरी उम्मीद है। इसको लेकर पालिका के अधिकारी लगातार प्रस्तावों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
इस बैठक की सबसे खास बात यह है कि इसमें शहर के 80 से अधिक मोहल्लों में सड़कों और नालियों के निर्माण के साथ-साथ कई अन्य गंभीर समस्याओं के समाधान से जुड़े प्रस्ताव भी रखे जाएंगे।
पालिका अधिकारियों के अनुसार, बैठक में प्रकाश और सफाई के लिए नए वाहनों की खरीद, सड़कों की मरम्मत, नई सड़कों का निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों के निर्माण को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसके अलावा, नगर पालिका की दुकानों के किराए और नाम परिवर्तन की दरों में बढ़ोतरी को लेकर भी प्रस्ताव रखा जाएगा, साथ ही शहर में बंदरों और आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए टेंडर जारी करने से जुड़े प्रस्ताव भी इसमें शामिल होंगे।
ईओ संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि दीवाली से ठीक पहले बोर्ड बैठक कराने की पूरी तैयारी है और इसके लिए एजेंडे को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभासदों की सहमति मिलने के बाद इन सभी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे शहरवासियों को दीवाली पर विकास कार्यों के रूप में बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068




























