
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली पुलिस ने गौकशी में वांछित चार आरोपियों को चेकिंग के दौरान धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार अवैध चाकू, गौकशी करने में इस्तेमाल औजार तथा एक पोलो कार बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि सिंभावली पुलिस बड्डा नहर पुल के पास चेकिंग कर रही थी कि एक कार में सवार चार लोगों को पुलिस ने धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी 7 अक्टूबर 2026 को थाना सिंभावली के अंतर्गत हाईवे पर अपनी डिजायर कार क्षतिग्रस्त होने पर छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने डिजायर कार से 80 किलोग्राम प्रतिबंधित पशु का मांस बरामद किया था। आरोपी इस मामले में वांछित थे। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी जनपद बदायूं के थाना उझानी का बच्चन तथा मुरादाबाद के थाना बिलारी के गांव थामला का जीशान व शान मोहम्मद तथा जनपद मुरादाबाद के सिविल लाइन का शहजाद है। पकड़े गए आरोपियों पर जनपद बदायूं, कासगंज, मुरादाबाद, रामपर, हापुड़ में गौकशी आदि के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है।





















