
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित ब्रजघाट टोल प्लाजा पर फास्टैग को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने एक युवक के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद आसपास के गांवों के लोग थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पलवल निवासी उपेंद्र चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम वह अपने रिश्तेदार के साथ गढ़ से गांव लौट रहा था। इसी दौरान ब्रजघाट टोल प्लाजा पर उसकी गाड़ी का फास्टैग काम नहीं करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने उसे गाड़ी से खींचकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा।
घटना की जानकारी मिलने पर पलवाड़ा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने टोल कर्मचारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, टोल जीएम प्रताप सिंह के अनुसार, मारपीट के मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






















