
धौलाना: मामूली कहासुनी में लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, महिला समेत 6 लोगों पर केस दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कपूरपुर क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कपड़े सुखाने की एक मामूली रस्सी को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दबंगों ने एक युवक को दुकान से खींचकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और बीच-बचाव करने आई उसकी माँ व पत्नी पर भी हमला कर दिया।
मामला कपूरपुर थाना क्षेत्र के नगला गज्जू गाँव का है। पीड़ित अमित कुमार के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह कपड़े सुखाने की रस्सी को लेकर पड़ोसी अजय से उनकी माँ शीला देवी और पत्नी प्रीति की बहस हुई थी। अजय के गाली-गलौज करने पर अमित ने उसके बड़े भाई से शिकायत की।
इसी बात से बौखलाकर अजय, रविंद्र, गौरव, आशीष उर्फ आशिक, पूजा और एक अज्ञात व्यक्ति ने रात में लाठी-डंडों से लैस होकर हमला बोल दिया। आरोप है कि अमित को दुकान से घसीटकर बुरी तरह पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। इस हमले में अमित को सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं उनकी माँ और पत्नी भी घायल हुई हैं।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत करने पर भी मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को डाक से पत्र भेजा और अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने महिला समेत सभी 6 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264





















