
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में एक फिर चोरों का आतंक देखने को मिला। रविवार की रात दो भैंस चोरी होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा KST पब्लिक स्कूल के बराबर एक घेर को चोरों ने निशाना बनाया। रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने गांव निवासी रामपाल के घेर में घुसकर दो भैंस चोरी कर लीं और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
रामपाल ने बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह अपनी दोनों भैंस घेर में बांधी थीं। सुबह जब वह उठकर घेर पहुंचे तो वहां भैंस गायब मिलीं। घेर के ताले और आसपास की स्थिति देखकर चोरी की आशंका जताई गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई।
घटना की खबर फैलते ही गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। पशु चोरी जैसी घटनाओं से किसानों और पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि गांव में शांति व्यवस्था कायम रह सके। वहीं पीड़ित परिवार ने भी पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
अब देखने वाली बात होगी कि पिलखुवा पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक करती है और चोरों तक पहुंच पाती है या नहीं। इस दौरान पीड़ित का करीब दो लाख रुपए का नुकसान हो गया।
M&M ANANTA: 3BHK + 4BHK + LUXURIOUS HOMES AT ANAND VIHAR, HAPUR: 9068082168, 9068082169






















