हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हापुड़ दौरे से पहले एक दर्दनाक खबर सामने आई है. सीएम के ओएसडी की भीषण सड़क हादसे में बस्ती में मौत हो गई. लखनऊ से गोरखपुर लौटते समय यह सड़क हादसा हुआ. हादसे में ओएसडी मोतीलाल सिंह की पत्नी गंभीर रूप से घायल है जिनका उपचार चल रहा है.
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के ओएसडी मोतीलाल सिंह अपनी पत्नी के साथ लखनऊ से गोरखपुर लौट रहे थे. जैसे ही गाड़ी बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के एनएच-28 पर पहुंची तो गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. बताया जा रहा है कि जानवर को बचाने के चलते चालक ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे पेड़ से टकरा गई. हादसा इतना भयानक था कि सीएम के ओएसडी मोतीलाल सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन में पत्नी को गोरखपुर के लिए रेफर किया गया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
दुखद हादसे पर शोक जताते हुए सीएम ने ट्वीट कर मोतीलाल सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है. बताते चलें कि मोतीलाल सिंह नगर निगम में अपर नगर अधिकारी के पद से रिटायर हुए थे जो गोरखनाथ मंदिर में सेवा कर रहे थे. सीएम के हापुड़ दौरे से पहले यह दर्दनाक घटना सामने आई है.
























