
माँ का दूध नवजात के लिए पहला अमृत, स्वस्थ जीवन की सबसे मजबूत नींव
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पिलखुवा के बाल रोग (पीडियाट्रिक्स) विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के अंतर्गत 1 अगस्त से 7 अगस्त तक जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष की थीम “Breastfeeding for a Sustainable Start in Life: Strengthen What Works” के अनुरूप माताओं एवं परिवारों को स्तनपान के महत्व तथा शिशु के समग्र विकास में इसकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक नवजात शिशु को जन्म के प्रथम घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ कराने तथा जीवन के पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि माँ का दूध नवजात के लिए संपूर्ण, सुरक्षित एवं प्राकृतिक आहार है। यह शिशु को आवश्यक पोषण प्रदान करने के साथ संक्रमणों से सुरक्षा, बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित करता है।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुमन ने गर्भवती महिलाओं को सही स्तनपान तकनीक, नवजात की देखभाल, स्तनपान से जुड़ी सामान्य समस्याओं तथा उनके वैज्ञानिक समाधान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाली प्रत्येक प्रसूता को व्यक्तिगत परामर्श देकर पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
डॉ. श्वेता सिंह ने कहा कि स्तनपान केवल शिशु के स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि माँ के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। इससे प्रसव के बाद शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलता है, कई गंभीर रोगों का जोखिम कम होता है तथा माँ और शिशु के बीच भावनात्मक संबंध और अधिक सुदृढ़ होते हैं। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों से अपील की कि वे स्तनपान कराने वाली माताओं को सहयोगपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करें।
जीएस विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. यतीश अग्रवाल ने कहा कि समाज में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जीएस नर्सिंग कॉलेज सहित विश्वविद्यालय के अन्य संस्थानों द्वारा भी विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं परिवारों तक वैज्ञानिक और सही जानकारी पहुँचाई जा रही है, जिससे स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शरद गोयल, सीएचओ डॉ. एस. कुमार, उपनिदेशक मनोज शिशोदिया, डॉ. कुलदीप कुमार गोगिया, डॉ. अरुण, डॉ. राहुल सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559





















