
हापुड़ में प्रदूषण फैलाने वाली 4 फैक्ट्रियों पर बड़ा एक्शन, UP Pollution Control Board ने किया सील
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां पर्यावरण और हवा की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वाली औद्योगिक इकाइयों पर प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसा है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शेखपुर खिचरा गांव में छापेमारी कर 4 फैक्ट्रियों को सील कर दिया है।
हापुड़ जिले में लगातार बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) की टीम एक्शन मोड में नजर आ रही है। शेखपुर खिचरा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस सख्त कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित सामग्री और प्लास्टिक-पॉलिथीन जलाने की शिकायतें सही पाई गईं।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्रियों में प्लास्टिक और घातक वेस्ट जलाया जा रहा था, जिससे पूरे इलाके में जहरीला धुआं और भयंकर बदबू फैल रही थी। स्थानीय लोगों का सांस लेना तक दूभर हो चुका था।
कार्रवाई के तहत टीम ने आकाश मेटल इंडस्ट्रीज, सोनू, किस्मत और सद्दाम की फैक्ट्रियों को मौके पर ही सील कर दिया।
सहायक अभियंता विपुल कुमार के मुताबिक, इन फैक्ट्रियों में नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित सामान जलाया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में प्रदूषण फैलाने वाली किसी भी इकाई को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस अचानक हुई सीलिंग की कार्रवाई से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है।
गौरतलब है कि हर साल दिवाली के बाद होने वाले खतरनाक प्रदूषण से निपटने के लिए बोर्ड ने जिले की लगभग 2,000 फैक्ट्रियों को चिह्नित किया है। दिवाली से पहले ही इन सभी औद्योगिक इकाइयों के मानकों की सघन जांच शुरू कर दी गई है ताकि आम जनता को साफ और सुरक्षित हवा मिल सके।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010





















