
बिजली विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: कुचेसर चौपला में 4 पर FIR, कटे कनेक्शन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):बिजली चोरी और बकाएदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम और विजिलेंस की टीम ने बड़ा अभियान चलाया है। बुधवार सुबह उपेड़ा बिजलीघर क्षेत्र के शकरपुर और अटूटा गांव में संयुक्त टीम द्वारा की गई छापेमारी में बिजली चोरी और अनियमितता के कई मामले उजागर हुए।
जांच के दौरान शकरपुर गांव में घरेलू बिजली कनेक्शन पर व्यावसायिक दूध की डेयरी संचालित होती पाई गई, जिस पर करीब ₹50,000 का बिजली बिल बकाया था। वहीं अटूटा गांव में भी घरेलू मीटर की आड़ में एक कमर्शियल RO प्लांट चलता मिला। इस परिसर पर भी ₹50,000 से अधिक का बकाया पाया गया। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों परिसरों के कनेक्शन काट दिए हैं।
इसके अलावा जांच में चार अन्य मकानों में सीधे केबल डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। इनमें से एक मकान में इनकमिंग केबल में कट लगाकर और तीन अन्य स्थानों पर मुख्य लाइन से सीधी केबल जोड़कर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने दो परिसरों के कनेक्शन काटने के साथ-साथ एंटी पावर थेफ्ट थाने में 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है। इस छापामारी अभियान का नेतृत्व अवर अभियंता महेश चंद्र शर्मा, विकास कुमार, विपिन शर्मा और निशु कुमार की टीम ने किया।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179






















