
एल.आई.एम.आर. रिसाइकलिंग प्रा. लि. ने फर्जी तरीके से 4.19 करोड़ का आईटीसी क्लेम लिया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना में स्थित एक स्क्रैप फर्म ने बोगस फर्मों से खरीद दिखाकर फर्जी तरीके से 4.19 करोड रुपए की आईटीसी क्लेम कर ली। जीएसटी विशेष अनुसंधान शाखा की जांच में मामला पकड़ में आया। इसके बाद टीम ने 1.12 करोड रुपए के ई-वे बिल निरस्त कर दिए और फर्म का माल जब्त कर जांच शुरू की। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी के मसूरी-गुलावठी रोड पर स्थित एल.आई.एम.आर. रीसाइकलिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पुराने फ्रिज, एसी व स्क्रैप खरीदने का कार्य करती है। आरोप है कि फर्म संचालक ने बोगस फर्मों से खरीद कर फर्जी तरीके से 4.19 करोड रुपए की आईटीसी क्लेम कर ली।
जांच के दौरान यह बात सामने आई जिसके बाद जीएसटी के एसआईबी के संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह के निर्देशन में सहायक आयुक्त विपिन शुक्ला और सतीश तिवारी फर्म की जांच करने पहुंचे जहां टीम ने 1.12 करोड रुपए के ई-वे बिल निरस्त कर दिए और माल को जब्त कर लिया। साथ ही जांच में फर्म के रिटर्न दाखिल करने में भी 23 लाख 75 हजार रुपए का अंतर मिला। आपको बता दें कि इससे पहले टीम ने उदयरामपुर नगला स्थित खेकड़ा कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड पर भी छापा मारा था जहां जांच में फर्म द्वारा 5.88 करोड़ रुपए का बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने का मामला सामने आया था।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559

























