हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के कोटला सादात में मंगलवार को एक 4 वर्षीय बच्चा 50 फुट गहरे बोरवेल में जा गिरा। बच्चा सुनने में असमर्थ है जिसके रोने की आवाज सुनकर उसकी मां ढूंढते हुए बोरवेल के पास पहुंची और रोते बिलखते बच्चे की आवाज से अपने चार साल के माविया को पहचान लिया जिसके बाद प्रशासन को मामले की जानकारी दी गई।
माऊ की मां समरीन ने बताया कि जिस समय उसका 4 साल का बेटा बोरवेल में गिरा तो वह उसके सुरक्षित बाहर आने की प्रार्थना ऊपर वाले से करती रही। बच्चे के बाहर आने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना ना रहा जिन्होंने ऊपर वाले के साथ-साथ एनडीआरएफ और प्रशासनिक अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया है।
बच्चे का रेस्क्यू करने पर उसे हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया जिसके चिकित्सक अधीक्षक डॉक्टर दिनेश खत्री का कहना है कि बच्चा पूरी तरीके से स्वस्थ है जिसके पैर में मामूली चोट आने पर टांके लगे हैं।
बताते चलें कि चार साल का माविया 50 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था जिसे गाजियाबाद से आई एनडीआरएफ की टीम ने हापुड़ पुलिस-प्रशासन के सहयोग से 5 घंटों के भीतर बाहर निकाला।
























