
पत्नी से परेशान पति ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर अपनी पत्नी पर परेशान करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार उसकी शादी करीब 17 वर्ष पहले हुई थी और उसके एक बेटा व एक बेटी हैं।
शिकायत में बताया गया कि पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी रात के समय अचानक घर से चली जाती है। पूछने पर वह उसके साथ मारपीट करती है। मामले की जानकारी पत्नी के मायके पक्ष के लोगों को भी दी गई, लेकिन आरोप है कि उन्होंने भी उसका साथ नहीं दिया।
पीड़ित का कहना है कि रात करीब नौ बजे घर लौटने पर पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पत्नी के मायके पक्ष के लोग शाम को उसके घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ कोई गंभीर घटना कर सकते हैं या उसे झूठे मामले में फंसा सकते हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010




















