
महिला की मौत के मामले में कब्र खुदवाने जनपद हापुड़ पहुंची हरियाणा पुलिस
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हरियाणा पुलिस रविवार को जनपद हापुड़ के कपूरपुर क्षेत्र के गांव बझेड़ा कला पहुंची। शुक्रवार को संदिग्ध अवस्था में जलने से एक महिला की हरियाणा में मौत हुई थी। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव गांव लेकर पहुंचे और बझेड़ा कला में दफना दिया जिसके बाद पुलिस ने कब्र खोदकर शव निकालना का प्रयास किया लेकिन परिजनों ने बिना मजिस्ट्रेट की अनुमति के कब्र खुदवाने से इनकार कर दिया जिसके बाद पुलिस ने बयान लिए और वापस लौट गई।
गांव बझेड़ा कला निवासी बाबू हरियाणा के गुरुग्राम में परिवार के साथ रहता था। कुछ दिन पहले बाबू की मौत हो गई थी। इसके बाद पत्नी काबरी अपने बच्चों के साथ वही रह रही थी। शुक्रवार को 50 वर्षीय काबरी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई थी जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। स्वजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव को गांव बझेड़ा कला लेकर पहुंचे और गांव लाकर शव दफना दिया। मामले की जांच के लिए रविवार की दोपहर हरियाणा पुलिस गांव पहुंची और काबरी के शव को कब्र खुदवा कर पोस्टमार्टम कराने की बात कही। महिला के स्वजन ने बिना मजिस्ट्रेट की अनुमति के शव को निकालने से मना कर दिया। हरियाणा पुलिस स्वजनों व ग्रामीणों के बयान लेकर वापस लौट गई। हरियाणा पुलिस के सहायक सब इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह ने बताया कि महिला की मौत के बारे में जांच करने गांव आए थे। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर गुरुग्राम से मजिस्ट्रेट के आदेश लेकर शव को कब्र से निकलवाया जाएगा।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365

























