
हापुड़ःदशहरा मेले में चोरों का आतंक: बैग काटकर सोने का मंगलसूत्र और पर्स उड़ाया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान में लगे दशहरा मेले से एक बड़ी चोरी की खबर सामने आई है। यहाँ परिवार के साथ मेला देखने गई एक महिला का चोरों ने बैग काटकर सोने का मंगलसूत्र और नकदी से भरा पर्स पार कर दिया। इस घटना के बाद से मेला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव दस्तोई निवासी जितेंद्र मलिक ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया है कि बीती 20 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने परिवार के साथ दशहरा मेला देखने गए थे। इस दौरान उनकी पुत्रवधू प्रीति सहरावत के बैग के अंदर एक पर्स रखा हुआ था। मेले की भीड़-भाड़ के बीच, रामलीला ग्राउंड के दूसरे गेट के पास अज्ञात चोरों ने सफाई से बैग को ब्लेड या किसी धारदार चीज से काटकर उसमें रखा पर्स चोरी कर लिया। चोरी हुए पर्स में एक सोने का मंगलसूत्र, 10,000 रुपये की नकदी, एक मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड रखे हुए थे।
पीड़ित परिवार को जब बैग कटा हुआ और पर्स गायब मिला, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के इलाके में चोर की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया है कि ससुर की तहरीर के आधार पर चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोर की तलाश में जुट गई है।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069
























