
आगामी त्योहारों को लेकर हापुड़ पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ सर्राफा बाजार में की पैदल गश्त
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से हापुड़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आ रही है।थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार एवं सर्राफा बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बाजार के विभिन्न मार्गों एवं प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर व्यापारियों से संवाद स्थापित किया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने व्यापारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखें।
उन्होंने व्यापारियों को दुकानों के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा उन्हें 24 घंटे सुचारू रूप से चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और उनकी दिशा इस प्रकार निर्धारित करने की अपील की, जिससे दुकानों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सके।
थाना प्रभारी ने व्यापारियों से कहा कि बाजार में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सहयोग बनाए रखने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन एवं व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010



























