
हापुड़: रास्ते से बाइक हटाने के लिए कहने पर मारपीट, लाठी और लोहे के पंच से युवक को लहूलुहान किया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ रास्ते में खड़ी बाइक हटाने के लिए कहना एक युवक को भारी पड़ गया। दबंगों ने युवक पर लाठी और लोहे के पंच से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, ईदगाह रोड के रहने वाले जावेद खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई वाहिद खान 26 अक्टूबर की रात करीब साढ़े दस बजे नोएडा से अपनी नौकरी करके घर वापस लौट रहा था। रास्ते में मोहल्ले के ही रहने वाले फरहान उर्फ जैफलीन, अयान, अरमान उर्फ टेडी, सद्दाम और फुरकान ने बीच सड़क पर अपनी बाइक खड़ी कर रखी थी। जब वाहिद ने उन्हें रास्ता देने के लिए बाइक हटाने को कहा, तो आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी व लोहे के पंच से वाहिद पर हमला बोल दिया।
इस जानलेवा हमले में वाहिद के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर बेहोश हो गया। शोरगुल सुनकर जब वाहिद को बचाने उनके ताऊ इकरामूद्दीन मौके पर पहुँचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं, भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन घायल युवक और उसके ताऊ को लेकर थाने पहुँचे, जहाँ पुलिस ने दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया। नगर कोतवाल प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर फरहान उर्फ जैफलीन, अयान, अरमान उर्फ टेडी, सद्दाम और फुरकान के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069



























