हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): प्रतिबंध के बावजूद भी विजयी जुलूस लगातार निकाले जा रहे हैं। अब एक सभासद के पति ने अपनी पत्नी के जीतने पर जश्न मनाते हुए जुलूस निकाला। मामले में कार्रवाई करते हुए हापुड़ कोतवाली पुलिस ने सभासद के पति व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित चेतनपुरा के पास हापुड़ नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 8 की सभासद बसपा प्रत्याशी सीमा के जीतने पर उनके पति राकेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी चेतनपुरा हापुड़ ने करीब 40 से 50 व्यक्तियों के साथ रात 9:00 बजे नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। इस दौरान जमकर नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात की पहचान भी की जा रही है।






















