
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र में दो कांवड़ियों ने सभी की नजरों को अपनी ओर खींच लिया। भक्ति भाव में लीन दोनों चचेरे भाई अपनी दादी को धार्मिक यात्रा कराकर कांवड़ लेकर अपने गांव जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद के मुकुंदगढ़ी जा रहे थे जिनका जनपद हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र में पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने जोरदार स्वागत किया व पुष्पवर्षा की।
गांव मुकुंदगढ़ी निवासी नीरज और सनी ने बताया कि वह दोनों चचेरे भाई हैं। वह अपनी दादी को कंधे पर बैठाकर धार्मिक यात्रा के लिए निकले। 90 वर्षीय रूमाली देवी को उनके पोतों ने कंधे पर बैठाकर धार्मिक यात्रा कराई। एक तरफ हर की पैड़ी से जल उठाया ओर दूसरी तरफ अपनी दादी को बिठाया। जिस भी मार्ग से दोनों निकले सभी ने उनका जोरदार स्वागत किया।
यह धार्मिक पदयात्रा करीब 280 किलोमीटर लंबी है। हापुड़ पहुंचने पर सभी ने सनी व नीरज और उनके परिजनों का स्वागत किया। नीरज और सनी ने बताया कि वह इससे पहले भी 2019 में अपनी दादी को धार्मिक यात्रा पर ले गए थे।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264






























